Breaking News
  • Breking news ग्रेटर नोएडा में गांजा सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ : हाथरस, गाजियाबाद और बिहार के 6 आरोपी गिरफ्तार

    उत्तर प्रदेश Date : 15-07-2025 07:54:02

    ग्रेटर नोएडा। पुलिस ने एनसीआर की कंपनियों, फैक्ट्री कर्मियों के साथ साथ स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों को गांजा सप्लाई करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश। ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 पुलिस ने गांजा सप्लाई करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 41 किलो 330 ग्राम गांजा (करीब 20 लाख रुपये कीमत) बरामद किया है। आरोपियों की पहचान गाजियाबाद के सारांश श्रीवास्तव (26), गाजियाबाद के अमन पाल (21), सेक्टर-113 सर्फाबाद के शिवम यादव (21), मधुबनी बिहार के आशीष कुमार झा (19), हाथरस के कृष्णा राणा (19) और सिवान बिहार के संजीत गुप्ता (23) के रूप में हुई है। आरोपी मेघालय के शिलांग से कोरियर के जरिये दिल्ली-नोएडा में गांजा मंगवाते थे। फिर इसे एनसीआर में फुटकर ग्राहकों को बेचते थे। गिरोह पिछले करीब एक साल में अबतक लाखों रुपये के गांजे की अवैध तरीके से सप्लाई कर चुका है। एडिशनल डीसीपी सेंट्रल नोएडा हृदेश कठेरिया कहना है कि पुलिस टीम सोमवार रात चेकिंग कर रही थी। गश्त के दौरान पुलिस की नजर डंपिंग यार्ड के सामने मेन रोड पर बने बस स्टॉप पर खड़े कुछ युवकों पर पड़ी। जिनके हाथ में गत्ते की पेटियां थीं। पुलिस को शक हुआ कि यह युवक किसी फैक्टरी से चोरी का सामान लिए हुए हैं। जैसे ही पुलिस टीम उनके पास पहुंची, युवकों ने पेटियां फेंककर भागने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर सभी छह युवकों को मौके पर ही दबोच लिया। आरोपियों के पास से पांच पेटियां में 41 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जांच में पहली पेटी का वजन 19 किलो 700 ग्राम, दूसरी का 6 किलो 770 ग्राम, तीसरी का 5 किलो 300 ग्राम, चौथी का 4 किलो 400 ग्राम और पांचवीं पेटी का वजन 5 किलो 160 ग्राम निकला। पकड़े गए युवकों ने पुलिस को बताया कि वे एक टीम बनाकर काम करते हैं और मुनाफे को आपस में बराबर-बराबर बांटते हैं। सोमवार की रात बारिश के कारण बस स्टॉप पर फैक्टरी मजदूर या राहगीर नहीं थे। जिससे पुलिस की नजर सीधे इन पर पड़ गई और ये पकड़े गए। बरामद गांजे का 200-200 ग्राम का नमूना अलग-अलग पेटियों से निकालकर कुल एक किलो गांजा बतौर सैंपल अलग किया गया है। गिरफ्तार युवक किराए पर नोएडा में अलग-अलग रहते हैं। आरोपी फुटकर दुकानदारों के साथ ग्राहकों को ऑनलाइन भी गांजे की सप्लाई करते थे। गिरोह का सरगना सारांश और शिवम यादव है। दोनों गांजे का सेवन भी करते हैं। पुलिस सीडीआर के जरिये गिरोह को गांजा सप्लाई करने वालों की तलाश में जुटी है। इसके लिए आरोपियों के फोन कॉल डिटेल निकलवाई गई है। सारांश बीटेक पास है। अमनपाल बीफार्म किए है। शिवम यादव बीबीए पास है। आशीष कुमार व कृष्णा राणा 12वीं पास हैं। जबकि संजीव गुप्ता 10वीं पास है, पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत गिरफ्तार कर केस दर्ज किया है।गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी कर रही है, जो दिल्ली बस अड्डे पर गांजा सप्लाई करते थे। जल्द ही गिरोह के कुछ और सदस्य गिरफ्तार हो सकते हैं। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी की ओर से 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।

  • नवीनतम समाचार
  • Breaking News बस और ट्रक में हुई जोरदार भिड़ंत

  • ग्राउंड रिपोर्ट ब्रज द्वार हाथरस में भी वृंदावन की तरह फलों के पेड़ लगावायें-मुख्यमंत्री